फतेहपुर। सेवायोजन कार्यालय की ओर से बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। आरपी मिश्रा कॉलेज ऑफ फार्मेसी बक्सर मोड़ गुगौली में आयोजित मेले में 200 युवाओं ने प्रतिभाग किया। इनमें से 103 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया।
जिला सेवायोजन अधिकारी हर्ष लालवानी ने बताया कि रोजगार मेले में जनपद स्तर की प्राइम कनेक्ट सर्विसेज फतेहपुर ने 17, गुजरात के भरूच स्थित ग्लेनमार्क लाइफ साइंसेज ने 35, पुखराज हेल्थकेयर ने 36, ब्लिंकिट वेयरहाउस ने पांच और भारतीय जीवन बीमा निगम ने 10 अभ्यर्थियों का चयन किया। चयनित अभ्यर्थियों को सात हजार से 18 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
रोजगार मेले का संचालन प्लेसमेंट प्रभारी शशांक पांडेय और कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. वीरेंद्र कुमार यादव ने किया। मेले को सफल बनाने में सेवायोजन कार्यालय के अनुराग श्रीवास्तव और संदीप के साथ संस्थान के शैलेश यादव, रोहन, दीप्ती त्रिपाठी, अमित वर्मा, राधेश्याम, मोहम्मद सैफ, विवेक कुमार, प्रद्युम्न यादव और वैशाली देवी का सहयोग रहा।