अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। हाईवे पार करते समय शनिवार की रात महिला को टूरिस्ट बस ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर लकड़ियां डालकर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ थरियांव पहुंचे। नाकेबंदी कर पुलिस ने मलवां के पास बस को पकड़ लिया। करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
थरियांव थाने के देहुली गांव निवासी हरिश्चंद्र की पत्नी रामसखी (50) किसी काम से हाईवे पार कर रही थीं। कानपुर की ओर जा रही टूरिस्ट बस ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद ग्रामीण इकट्ठा हो गए। पुलिस के न आने पर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। जाम लगाए जाने की खबर पर पुलिस पहुंची।
सीओ एसपी मलिक ने ग्रामीणों को शांत किया। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि बस को मलवां थाने में पकड़ा जा चुका है। महिला की एक बेटी रूपा है। मां की मौत से बेटी बदहवास हो गई।
महिला की मौत पर हाईवे किया जाम
शनिवार की रात टूरिस्ट बस ने कुचल दिया
बस पकड़े जाने के बाद शांत हुआ मामला