अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन की बंधवा तिराहे पर गुुरुवार को महापंचायत हुई। इसमें किसानों की समस्याओं के साथ पुलिस की पिटाई से कथित तौर पर हुई ट्रैक्टर चालक रामधनी की मौत और बिजनौर में टिकैत की प्रतिमा तोड़े जाने को लेकर उबाल रहा।
यूनियन ने मृतक ट्रैक्टर चालक की पत्नी को 10 लाख का मुआवजा और प्रधानमंत्री आवास देने के साथ-साथ दरोगा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजने की मांग की। करीब सात घंटे की जद्दोजहद के बाद प्रशासन के आश्वासन पर महापंचायत समाप्त हुई।
महापंचायत भाकियू जिलाध्यक्ष राज कुमार गौतम की अगुवाई में बुलाई गई थी। इसमें आसपास के गांवों के किसान शामिल हुए। जिलाध्यक्ष ने 18 अगस्त को ललौली थाने के दरोगा जिलेदार की कथित पिटाई से ट्रैक्टर चालक रामधनी की मौत में खानापूरी किए जाने का आरोप लगाया।
कहा आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर करने से काम नहीं चलेगा। उस पर हत्या की एफआईआर लिखकर जेल की सलाखों के पीछे डाला जाए। मृतक की पत्नी को 10 लाख रुपये की मदद के साथ प्रधानमंत्री आवास दिया जाए। प्रशासन ने इस मामले में कोई दिलचस्पी नहीं ली है। बिंदकी कोतवाल सच्चिदानंद त्रिपाठी पर भाकियू के मलवां ब्लाक अध्यक्ष नवल किशोर के साथ मारपीट का आरोप लगाया।
बिजनौर जिले के बांगड़पुर में संगठन के जनक स्व. महात्मा महेंद्र सिंह टिकैत की प्रतिमा तोड़े जाने से किसान नाराज दिखे। बिंदकी एसडीएम सत्य प्रकाश सिंह व सीओ की टीम ने समझाने की कोशिश की। एसडीएम ने मृतक की पत्नी को अतिशीघ्र पांच लाख रुपये की मदद मुख्यमंत्री राहत कोष से दिलाने की बात कही। साथ ही वादा किया कि खराब ट्रांसफार्मर 72 घंटे में बदला जाएगा। इस मौके पर भाकियू नेता नागेंद्र सिंह, दीपक गुप्ता, महेंद्र सिंह, सुखीराम, अशोक उत्तम भी मौजूद रहे।
इनसेट-
आवागमन भी हुआ बाधित
भाकियू की महापंचायत का नेशनल हाईवे रूट पर भी असर दिखा। दोपहर में किसानों का जनसैलाब जुटने से बांदा-कानपुर मार्ग पर चलने वाले वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा रहा। ऐसे मेें पुलिस को रूट डायवर्जन करना पड़ा। ललौली की ओर से आने वाले वाहनों को बहुआ होते हुए गुजारा गया। ऐसा ही कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों के साथ किया गया।
हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर दरोगा को भेजें जेल
भाकियू की महापंचायत में उठी यह मांग, टिकैत की प्रतिमा तोड़ने से खफा
बंधवा तिराहे पर सात घंटे चली भाकियू की महापंचायत से हांफा प्रशासन