बहुआ। महाशिवरात्रि पर प्रमुख मार्गों पर रोक लगाए जाने के कारण वाहनों की लंबी कतार लगी रहीं। शुक्रवार रात से वाहनों का आवागमन बंद होने से 10 किमी लंबा जाम लग रहा। कानपुर-बांदा मार्ग पर भी वाहन रेंगते दिखाई दिए।
शहर व ग्रामीण क्षेत्र के शिवालयों में भक्तों की भीड़ और कांवड़ियों की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने भारी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दिया। बांदा-टांडा स्टेट हाईवे में बहुआ से मुत्तौर होते हुए मूसेपुर मोड़ तक करीब 10 किमी वाहनों (ट्रक और डंपरों) की लाइन लग गई। वहीं, बांदा-कानपुर में बंधवा से ललौली तक और बहुआ-गाजीपुर मार्ग में सुजानपुर गांव तक लंबी लाइन लगी रही। चौपहिया वाहन और बसें भी जाम में फंसी रहीं। चालक व सवारियां बसों को इधर-उधर से निकालने का प्रयास करते रहे।