मोहम्मदपुर गांव में खिड़की तोड़कर घर में घुसे थे चोर
- फोटो : अमर उजाला
गाजीपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी रामखेलावन विश्वकर्मा परिवार संग रात को छप्पर के नीचे सो रहे थे। घर के लोग गुरुवार सुबह उठे तो सारा सामान बिखरा देखकर हैरान रह गए। कमरे में रखी अलमारी व बक्से के ताले टूटे थे।
पीछे दीवार की खिड़की उखड़ी थी। रामखेलावन ने बताया कि 50 हजार रुपये की नगदी और सोने-चांदी के करीब एक लाख कीमत के जेवरात चोर पार कर ले गए हैं। घरेलू काम के लिए रुपये बैंक से निकाले थे। इसी गांव के पूर्व प्रधान फूल सिंह के घर में चोर घुसे। घरवालों के शोर शराबा सुनकर पड़ोसी सियाराम यादव ने चोरों को ललकारा।
घेराबंदी करने की कोशिश में सियाराम की चोरों ने पिटाई कर दी। वहीं चकसकरन गांव में वीके श्रीवास्तव की दुकान का ताला तोड़कर म्यूजिक सिस्टम चुरा ले गए। डॉ. राजेश के क्लीनिक से डेढ़ हजार रुपये की नकदी पार कर दी। इसी गांव के संतोषी यादव और अली हसन के घर में चोरी का प्रयास किया।
संतोषी के विरोध करने पर हाथ पर चाकू से हमला कर फरार हो गए। बड़ागांव मछरिया की सन्नो देवी की सिलाई की दुकान से डेढ़ हजार नकदी पार कर ले गए। एसएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि मामलों की जांच की जा रही है। घटनाओं को बढ़ाचढ़ा कर बताया जा रहा है।
घर से 60 हजार के जेवर चोरी
प्रेमनगर/खागा। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौंती के मजरे उसरैना निवासी देवकी देवी के घर में बुधवार की रात चोर दीवार काटकर घर में घुस गए। बक्से में रखी सोने की अंगूठी, पायल, पेटी, हार, टाप्स सहित करीब 60 हजार का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी सुबह होने पर पुलिस को सूचना दी गई।