गणतंत्र दिवस पर जिले में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात
फर्रुखाबाद। गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा की दृष्टि से जिले में शनिवार से हाई अलर्ट कर दिया है। इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाने के साथ तीन जोनल व 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस फोर्स चप्पे-चप्पे पर नजर रखेगी।
प्रभारी जिलाधिकारी सीडीओ डॉ.राजेंद्र पैंसिया ने गणतंत्र दिवस पर शनिवार से 26 जनवरी तक के लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। आदेश के अनुसार सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। जबकि तहसील सदर में एसडीएम अनिल कुमार, कायमगंज में एसडीएम सुनील कुमार यादव व अमृतपुर तहसील क्षेत्र में एसडीएम बृजेंद्र कुमार को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
वहीं अतिरिक्त एसडीएम शहर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। इसके अलावा जिले के सभी 13 थानों को सेक्टर बनाकर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
सभी थानाध्यक्षों को संवेदनशील स्थान, शांतिभंग करने वाले लोगों की व प्रशासन का सहयोग करने वाले लोगों की सूची सेक्टर मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट जिला मुख्यालय पर बनाए गए कंट्रोल रूम को सूचना देंगे।