फर्रुखाबाद। किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब सरकारी गोदामों से सब्सिडी पर मिलने वाला जायद की फसल का बीज आधी कीमत पर ही मिलेगा। इससे किसानों को सब्सिडी की धनराशि खाते में आने का इंतजार नहीं करना होगा। हालांकि रबी की फसल के बीज का अनुदान अभी 50 फीसदी किसानों के खातों में नहीं पहुंच सका है।
शासन की ओर से किसानों को कृषि विभाग के गोदामों से अब तक 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज मिलता रहा। इससे किसानों को बीज की पूरी धनराशि जमा कर सब्सिडी के लिए इंतजार करना पड़ता है। अब किसानों को अनुदान राशि का इंतजार नहीं करना होगा। कुछ दिनों बाद जायद की फसलों की बुआई शुरू हो जाएगी।
इससे पहले शासन की नई व्यवस्था से किसानों को बीज पर राहत दे दी गई है। गोदामों पर मिलने वाला मक्का, मूंग, उर्द, मूंगफली, हरा चारा का बीज किसानों को पॉस मशीन के माध्यम से 50 प्रतिशत अनुदान राशि काटकर आधी कीमत पर ही मिलेगा। इससे किसानों को बीज खरीदने में काफी आसानी होगी।
उन्हें अनुदान राशि वापस आने का इंतजार भी नहीं करना होगा। रबी की फसल के लिए गेहूं, मसूर, सरसों, जौ, मटर व चना का बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर मिला था। अभी तक 50 फीसदी से अधिक किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से 50 फीसदी अनुदान राशि नहीं पहुंच सकी है।
जिला कृषि अधिकारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि रबी की फसल के लिए करीब 18000 किसानों ने बीज लिया है। उनकी डाटा फीडिंग के साथ अनुदान राशि भेजी जा रही है। नई व्यवस्था के तहत अनुदान राशि काटकर ही बीज का पैसा जमा होगा। इससे किसानों को आधी कीमत पर बीज उपलब्ध हो जाएगा।