युवकों को घरों में बंद कर पीटा, पुलिस ने छुड़ाया
फर्रुखाबाद। परिवार के साथ गंगा स्नान करने पांचाल घाट आई एक युवती पर कुछ युवकों ने फब्तियां कस दीं। साथी युवकों ने मनचलों को पीट दिया। इस पर वे गांव से कई दबंगों को लेकर आ धमके और हमला बोल दिया। युवती के परिवार के सात-आठ युवकों ने मनचलों को दौड़ा लिया।
सोताबहादुरपुर पहुंचने पर युवती पक्ष के युवकों को वहां के लोगों ने घरों में बंधक बनाकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें बंधन मुक्त कराया। एसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने सात आरोपियों को हिरासत में लिया है।
राजेपुर क्षेत्र के गांव शेराखार के पीयूष, वीरपुर के विशप, अजय, भाऊपुर के आलोक, कर्मवीर और राजा अपने परिवार के साथ गंगा स्नान करने शनिवार दोपहर बाद पांचाल घाट पहुंचे। स्नान के दौरान एक युवती पर दो युवकों ने फब्तियां कस दीं। इस पर परिजनों ने उन्हें दौड़ा दिया। कुछ ही देर में वह सोता बहादुरपुर के पांच-छह दबंगों को लेकर आ गए और अभद्रता करने लगे। परिजनों ने दबंगों को दौड़ा लिया।
शेराखार के लोग दौड़ाते हुए उन्हें सोताबहादुरपुर गांव तक ले गए। वहां पहुंचते ही तमाम लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने शेराखार के युवकों पर हमला बोल दिया। इनको घरों में बंधक बनाकर जमकर पीटा। घटना की सूचना मिलते ही चौकी पुलिस, पीएसी जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय व सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड फोर्स के साथ पहुंच गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डा. अनिल मिश्र, एसओजी टीम भी पहुंची। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सभी युवकों को बंधन मुक्त कराया। इसके बाद सोता बहादुरपुर के अब्दुल रहमान पुत्र शाकिर, ताज मोहम्मद पुत्र दिलशाद समेत सात युवकों को हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर दिया।
बंधक बनाने वालों की सिफारिश में पहुंचे सपा नेता
सोता बहादुरपुर के प्रधान सपा नेता जमील अहमद घटना के तुरंत बाद कोतवाली पहुंचे। उन्होंने फब्तियां कसने और घरों में बंधक बनाने वालों को छोड़ने की सिफारिश की। कहा कि इन युवकों का कोई दोष नहीं है। पुलिस ने फिलहाल किसी को छोड़ा नहीं है।
पुलिस की तत्परता से बचा बवाल
पुलिस को विवाद की जैसे ही सूचना मिली वैसे ही पीएसी के साथ पहुंचकर कड़ाई से कार्रवाई कर दी। उस दौरान वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा थी। पुलिस ने सभी को बंधन मुक्त करवा लिया, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी।
‘कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पीड़ितों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।’
-वेद प्रकाश पांडेय, शहर कोतवाल