फतेहगढ़ क्षेत्र में एक महिला के साथ कुछ युवकों ने खेत में दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर युवकों ने महिला के जेवर और नगदी लूट लिए। महिला किसी तरह उनके चंगुल से भागी और कुछ दूर जाकर बेहोश हो गई।
इस पर वे युवक भाग निकले। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
जिला कन्नौज की छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला शुक्रवार की दोपहर सवारी गाड़ी खरीदने के लिए फर्रुखाबाद आ रही थी। फतेहगढ़ क्रासिंग के निकट पैदल जा रही महिला को चार युवकों ने दबोच लिया और मुंह दबाकर उसे मक्के के खेत में घसीट ले गए और दुष्कर्म का प्रयास किया।
विरोध करने पर उन लोगों ने महिला के जेवर और नगदी लूट लिया। महिला किसी तरह युवकों के चंगुल से छूटकर चिल्लाते हुए भाग निकली और कुछ दूर जाकर बेहोश होकर गिर पड़ी। यह देख युवक वहां से भाग निकले। वहां पहुंचे ग्रामीणों ने महिला की स्थिति देख पुलिस को सूचना दी।
इस पर कोतवाल अनूप निगम और यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने पुलिस को कुछ आरोपियों के नाम भी बताए हैं। उधर, कोतवाल अनूप निगम ने बताया कि मामले की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।