युवक का शव गांव के बाहर खेत में पेड़ पर संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे पर लटकता मिला। परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। ग्रामीण मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़ रहे हैं।
पोस्टमार्टम में फांसी लगने से मौत की बात सामने आई है। हजियापुर निवासी शिवम (20) के पिता जगरूप दिल्ली में प्राइवेट वाहन चलाते हैं। जबकि शिवम फर्रुखाबाद के बाबू सिंह डिग्री कॉलेज में बीएससी का छात्र था। परिवार में चार भाई व दो बहनें हैं।
घर से निकला शिवम रात नौ बजे गायब हो गया। मां बेचम ने फोन किया तो दो-तीन बार घंटी गई पर फोन रिसीव नहीं हुआ।
रात करीब साढ़े दस बजे गांव से बाहर गूलर के पेड़ पर नीले रंग के दुपट्टे से बने फंदे पर शिवम का शव लटकता मिला।
पैंट की जेब में मोबाइल व पैसे भी रखे मिले। सूचना पर प्रभारी एसओ रवींद्र सिंह के अलावा अपर एसपी नैपाल सिंह, सीओ नरेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के पिता से फोन पर वार्ता के बाद शव को नीचे उतराया गया।
पड़ोसी राजेश कुमार पुत्र महाराम की तहरीर पर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बहन कामिनी का आरोप है कि उसके भाई की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाया है।
चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पेड़ के पास कोई निशान नहीं मिले हैं। मामला संदिग्ध है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी एसओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि युवक गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है, जिसकी जानकारी युवती के परिजनों को हो गई थी। विरोध के बावजूद दोनों मिलते-जुलते रहे।
शमशाबाद। मृतक शिवम की बहन कामिनी ने भाई की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि साढ़े 10 बजे गांव के बाहर चचेरे बाबा के साथ नहर की तरफ खोजबीन करने पहुंची।
उस वक्त वहां छह आदमी नहर पर मिले। वे नहर के पानी में हाथ धो रहे थे। कुछ देर बाद जब वह अन्य परिजनों को लेकर पहुंची तो लोग जा चुके थे। उसने आशंका जताई है कि नहर के पास मौजूद लोगों ने ही शिवम को मारा है।