फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ के मोहल्ला वनखड़िया के सामने रविवार शाम युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इससे कासगंज-लखनऊ पैसेंजर करीब आधे घंटे तक खड़ी रही।
मोहल्ला ग्रानगंज से वनखड़िया जाने के लिए अक्सर लोग रेलवे लाइन पार करते हैं। शाम करीब छह बजे कासगंज-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन लखनऊ जाने के लिए फतेहगढ़ स्टेशन से चली। मोहल्ला वनखड़िया के सामने युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। उसके शरीर के तीन टुकड़े हो गए और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन रुक गई। जीआरपी व फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने रेलवे लाइन से शव उठवाया। शव के पास टूटा मोबाइल भी पड़ा मिला। लेकिन शव क्षत-विक्षत होने से शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने टूटे मोबाइल से सिम निकालकर उन नंबरों पर संपर्क किया तो जनपद शाहजहांपुर थाना जलालाबाद के गांव तापर निवासी सुरेंद्र पाल ने युवक की पहचान अपने पुत्र जतिन पाल (21) के रूप में की। घटना के करीब आधे घंटे बाद ट्रेन रवाना हो सकी। कोतवाली के उपनिरीक्षक कासिफ हनीफ ने बताया कि फोन पर हुई बातचीत में सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनके बेटे जतिन का मानसिक संतुलन ठीक न होने से अक्सर जान देने की धमकी देता था। रविवार को भी वह घर से नाराज होकर निकला था।