संवाद न्यूज एजेंसी
राजेपुर। ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार युवक कर मौत हो गई। चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया। गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने बरेली-इटावा हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। दो घंटे में हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस के समझाने पर परिजन मान गए और जाम खोल दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गांव महेशपुर निवासी स्वामी दयाल अपने मकान का निर्माण करा रहे हैं। 18 वर्ष का पुत्र हरिओम कस्बा जैनापुर से साइकिल पर सरिया लादकर सोमवार की सुबह घर आ रहा था। वह कस्बा स्थित गंगापार महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था।
बरेली-इटावा हाईवे पर जैनापुर के सामने ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी। पहिये के नीचे आने से हरिओम की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंचे परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। परिजनों व ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर किनारे खड़ा करवा दिया। जाम लगने से दोनों ओर वाहनोंं की कतारें लग गईं। पुलिस ने रामगंगा की ओर से आ रहे वाहनों को डबरी तिराहे के पास से राजेपुर की ओर डायवर्ट कर दिया। फर्रुखाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को जमापुर से राजेपुर की ओर भेजा गया।
दो घंटे जाम लगने से लोग परेशान हो गए। पुलिस के समझाने पर परिजन मान गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में भर्ती कराया। मां संगीता व भाई बहनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। एसओ दिवाकर प्रसाद सरोज ने बताया बरेली इटावा हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई है। राहरिओम के पिता स्वामी दयाल ने ट्रक व अज्ञात चालक के खिलाफ थाना राजेपुर में मुकदमा दर्ज कराया।