युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव पांचाल घाट पर गंगा की कटरी में सरसों के खेत में फेंक दिया गया। सूचना मिलते ही कोतवाल पुलिस बल के साथ पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी छानबीन की। घटनास्थल पर शराब की खाली बोतल और नमकीन का पैकेट बरामद हुआ। शव को शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस शिनाख्त कराने के प्रयास में है।
रामनगरिया मेला सोमवार को खत्म हो गया है। मेले में जहां झूले लगे थे उसके पूर्व में करीब दो सौ मीटर दूर पांचाल घाट निवासी पप्पू के खेत में सरसों खड़ी है। बुधवार सुबह मजदूर सरसों काट रहे थे, तो उन्हें दोपहर को करीब 12.30 बजे बदबू लगी। उन्होंने खेत मेंअंदर जाकर देखा, तो युवक का शव पड़ा देखा। उन्होंने शोर मचा दिया।
इससे आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पांचाल घाट चौकी प्रभारी आरके शर्मा, कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय भी पहुंचे और जांच की। इसकी जानकारी एएसपी त्रिभुवन सिंह को दी गई। उनके निर्देश पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी पहुंचा। करीब दो घंटे की कवायद के बावजूद डॉग स्क्वायड को सफलता नहीं मिली।
शव के पास शराब की खाली बोतल, नमकीन का खाली पाउच, बीड़ी बंडल, माचिस, तीन खाली गिलास पड़े मिले। युवक की उम्र करीब 22 साल बताई जा रही है। वह पैंट-शर्ट पहने था। उसका पेट फटा था। इससे साफ है कि उसकी धारदार हथियार से हत्या कर की गई है। शव की हालत से वह तीन-चार दिन पुराना लग रहा है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
माघ पूर्णिमा से एक दिन पहले से मेले में भारी भीड़ उमड़ी थी। उस दिन बड़ी संख्या में लोग इधर-उधर घूमते फिरते रहे। आसपास के लोगों का मानना है कि हो सकता है कि उसी दिन भीड़ का फायदा उठाकर सरसों के खेत में शराब पीने के बाद उसकी हत्या कर दी गई हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
‘युवक के पास कोई कागजात नहीं मिले हैं। शव कम से कम तीन दिन पुराना लग रहा है। फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई है। शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जाएगा। शिनाख्त होने के बाद ही जांच आगे बढ़ सकेगी।’ -वेदप्रकाश पांडेय, शहर कोतवाल