सेफई मेडिकल कालेज में बैठा घायल बली मोहम्मद।
- फोटो : FARRUKHABAD
गाजियाबाद से लौट रहा था घायल मिला युवक
कायमगंज। गांव मंझोला के पास सरसों के खेत में सोमवार सुबह बेहोश मिले युवक की पहचान हो गई है। युवक कंपिल क्षेत्र के गांव पुरौरी निवासी बली मोहम्मद है। वह यह नहीं बता पा रहा है कि वह खेत में कैसे पहुंचा और उसके कपड़े कहां गए।
गांव मंझोला के पास बंबे किनारे गांव रुटौल निवासी श्याम बाबू के सरसों के खेत में सोमवार को एक अर्द्धनग्न युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला था। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया था। बाद में उसे एक सिपाही के साथ सैफई स्थित मेडिकल कालेज भेज दिया गया था। इधर युवक के परिजन कोतवाली पहुंचे।
वहां उन्होंने फोटो देखकर उसकी पहचान बली मोहम्मद पुत्र जान मोहम्मद निवासी ग्राम पुरौरी थाना कंपिल के रूप में की। पुलिस ने उन्हें सैफई मेडिकल कालेज भेज दिया। वहां होश में आए युवक ने परिजनों को बताया वह गाजियाबाद से बस से आ रहा था। उसे नहीं मालूम वह कैसे घायल हुआ है और उसके कपड़े कहां चले गए। एसआई रहीस खान ने बताया कि युवक की पहचान हो गई है। परिजन कोई तहरीर देंगे तो कार्रवाई की जाएगी।