कमालगंज (फर्रुखाबाद)। शेखपुर में बुखार से युवक की मौत हो गई और गांव में 20 से अधिक लोग बीमार हैं। शनिवार को गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम ने मरीजों को दवा बांटने के साथ डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड की जांच की।
गांव शेखपुर निवासी पप्पू शर्मा के पुत्र नितिन (18) को करीब एक हफ्ता से बुखार आ रहा था। उसका फतेहगढ़ के अस्पताल में इलाज चल रहा था। हालात गंभीर होने पर परिजनों ने सैफई मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया था। वहां शुक्रवार दोपहर नितिन की मौत हो गई।
शनिवार को सीएचसी की टीम ने गांव में शिविर लगाकर 35 मरीजों को दवाएं दीं। एलटी राजीव कटियार ने 21 मरीजों की मलेरिया, नौ की टाइफाइड व तीन की डेंगू जांच की। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश अग्निहोत्री ने बताया कि गांव में टीम ने कैंप लगाकर मरीजों की जांच कर दवाई दी। लोगों को बीमारी से बचाव के लिए जागरूक भी किया गया।