फर्रुखाबाद। दो स्थानों पर हुईं मार्ग दुर्घटनाओं में सेवानिवृत्त सैनिक के पुत्र और ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। एक हादसा शहर कोतवाली और दूसरा राजेपुर थानाक्षेत्र में हुआ। हादसों के शिकार लोग बाइक पर सवार थे और हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
शहर कोतवाली के मसेनी चौराहा के पास रहने वाले सेवानिवृत्त सैनिक मुनेंद्र सिंह चौहान का पुत्र राहुल चौहान उर्फ लवी (28) एक फाइनेंस कंपनी के लिए काम करता है। मंगलवार सुबह गांव के ही साथी सूरज (22) के साथ बाइक से वह एक मोटर साइकिल सवार का पीछा करते हुए पांचाल घाट की ओर गया। दीनदयाल बाग के पास पीछे से जा रही एक रोडवेज बस ने राहुल की बाइक में टक्कर मार दी।
इससे दोनों सड़क पर जा गिरे। सूचना मिलते ही पहुंचे लोगों ने दोनों को निजी अस्पताल में दिखाया। हालत गंभीर होने पर राहुल को लोहिया अस्पताल ले जाया गया, वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूरज को कानपुर रेफर किया गया है। राहुल के दो भाई प्रांशु और लकी हैं। शिक्षिका मां संजू देवी और पत्नी रश्मि का बुरा हाल था। राहुल का डेढ़ साल का पुत्र सिक्कू है।
उधर, राजेपुर थाने के गांव शेराखार निवासी बलराज यादव उर्फ बुद्धू (36) एक भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाते थे। रोज की तरह वह सोमवार रात बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के मोड़ पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वह हेलमेट नहीं लगाए थे, लिहाजा सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने रात करीब सवा 11 बजे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया, मगर साथ में कोई न होने पर यहीं इलाज किया गया। मंगलवार सुबह साढ़े चार बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर करीब 11 बजे परिजन पहुुंचे और पुलिस को जानकारी दी। बलराज के भाई सिंघराज, धर्मराज, रंजीत और मंगल, मां गजरानी, पत्नी शिवानी और बेटा ब्रजमोहन, दानवीर, अंगद और परीक्षित का रो-रो कर बुरा हाल है।