फर्रुखाबाद। दुकानदार का डेबिट कार्ड चोरी कर दो बार में खाते से 37 हजार रुपये निकाल लिए गए। दुकानदार ने युवक से बात की तो उसने रुपये निकालने की बात स्वीकार की। दुकानदार ने सीओ को प्रार्थना पत्र देकर रिकार्डिंग सुनाई।
शहर कोतवाली के गांव सोताबहादुरपुर निवासी मुन्नालाल की पांचाल घाट पर कपड़े की दुकान है। 13 जुलाई को वह अपनी दुकान पर था। राजेपुर के गांव सीढ़ेचकरपुर निवासी एक युवक मुन्नालाल की दुकान पर आया और बात करने के लिए मोबाइल मांगा। मुन्नालाल युवक से पहले से परिचित थे, इसलिए मोबाइल दे दिया। कुछ देर बाद युवक मुन्नालाल को मोबाइल देकर चला गया।
15 जुलाई को मुन्नालाल के खाते से दो बार में 37 हजार रुपये की निकासी हो गई। मैसेज आने पर दुकानदार को रुपये निकलने की जानकारी हुई। मुन्नालाल ने मोबाइल के कवर में डेबिट कार्ड देखा तो वह गायब था।
दुकानदार ने सीढ़ेचकरपुर में रहने वाले उक्त युवक से बात कर डेबिट कार्ड चोरी करने की बात कही। युवक ने कार्ड चुराने व रुपये निकालने की बात स्वीकार कर ली। मुन्नालाल ने बात की रिकार्डिंग मंगलवार को प्रार्थना पत्र देकर सीओ अमृतपुर को सुनाई। सीओ ने इस मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।