फर्रुखाबाद। फर्जी कागज बनाकर भाई व साले ने कानपुर स्थित मकान हड़प लिया। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया तो समझौते के लिए दोनों वृद्ध को धमकी देने लगे। इससे तंग वृद्ध ने रविवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पुत्र की तहरीर पर वृद्ध के छोटे भाई व साले पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्ध की मौत फांसी लगने से दम घुटने के कारण बताई गई।
जहानगंज निवासी अनिल कटियार(60) ने रविवार को घर में फांसी लगा ली थी। उसकी पत्नी छत पर और बेटा घर से बाहर था। पुलिस ने वृद्घ के पुत्र वैभव की तहरीर पर अनिल के छोटे भाई विवेक कटियार व चचेरे साले विपिन कुमार निवासी कानपुर नगर थाना बिल्हौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। कानपुर के बर्रा दो के मकान का बैनामा पिता अनिल व विवेक के संयुक्त नाम से कराया गया था। विवेक ने विपिन से मकान का फर्जी कागज बनाकर कब्जा कर लिया। इसका मुकदमा अदालत में विचाराधीन है। मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाकर दोनों वृद्घ को धमकी देने लगे।