कोतवाली क्षेत्र के गांव किला मऊरशीदाबाद निवासी युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल से लगभग 50-60 कदम की दूरी पर मृतक की चप्पल व अंगौछा पड़ा मिला।
मऊरशीदाबाद निवासी दलवीर (21) पुत्र जगन्नाथ जाटव का शव डॉ. मोसिन खां के आम के बाग में पेड़ पर फांसी से लटका मिला। मृतक की मां ने बताया कि उनके पांच पुत्र बिरजन लाल, बलवीर, दिलीप, अमित, दलवीर व एक पुत्री सुनीता है। दलवीर सबसे छोटा पुत्र था। बताया कि उनके तीसरे नंबर के पुत्र दिलीप के साले की बेवर के गांव दोरा में शादी है।
दलवीर अपने भाई दिलीप व उसकी पत्नी रेखा को सुबह 6 बजे रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था। इसके बाद घर वापस आकर खाना खाया था। इसके बाद दलवीर घर से निकल गया। मृतक गांव में एक तंबाकू गोदाम में मजदूरी करता था। गोदाम मालिक व गांव के अन्य लोगों ने बताया कि दलवीर बहुत सीधा था।
बताया गया कि मृतक ने फांसी लगाने से पहले अपने साथी नंदकिशोर को 210 रुपये दिए थे और कहा कि गांव के दुकानदार जयसिंह के रुपये उधार हैं उसको दे देना। सूचना के लगभग दो घंटे बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लगा है।