गांव धमगवां में पोल से बंधे उमेश चंद्र।
- फोटो : FARRUKHABAD
युवक व उसके बहनोई को पीटकर बंधक बनाया
शमसाबाद। बाइक की टक्कर लगने से एक वृद्ध घायल हो गया। इसकी जानकारी पहुंचे परिजनों ने बाइक सवार साले-बहनोई को पकड़ लिया। पिटाई के बाद उन्हें बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोल से रस्सी से बंधे बाइक चालक को मुक्त कराया। पुलिस ने वृद्ध की पत्नी, शिक्षक बेटे व उसके शिक्षक दोस्त को हिरासत में ले लिया है।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला सेठ निवासी उमेश चंद्र गुरुवार को कायमगंज निवासी बहनोई जनवेद के घर गया था। वहां से शुक्रवार सुबह वह जनवेद के साथ वापस घर जा रहा था। रास्ते में गांव धमगवां के पास उसकी बाइक से वहीं के निवासी शिवशरण गंगवार (60) को टक्कर लग गई। इससे वह घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी पर शिवशरण के परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने उमेश व जनवेद को पकड़ लिया।
उनके साथ मारपीट की और घर ले जाकर रस्सी से उमेश को टिन शेड के पोल से बांध दिया। जनवेद वहां से किसी तरह निकल आया और पुलिस व परिजनों को सूचना दे दी। इस पर फैजबाग चौकी इंचार्ज व उमेश के भाई वेदपाल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने उमेश को बंधन मुक्त कराया।
पुलिस ने शिवशरण के शिक्षक बेटे चंदन गंगवार, पत्नी मनोरमा व चंदन के मित्र इटावा के बकेवर निवासी शिक्षक संदीप को हिरासत में ले लिया और थाने ले आए। वेदपाल की तहरीर पर पुलिस ने चंदन, संदीप व मनोरमा पत्नी शिवशरण के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घायल शिवशरण को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चंदन व संदीप कंपिल में प्राथमिक विद्यालय में तैनात हैं। फैजबाग चौकी इंचार्ज विनोद कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों का शांति भंग में चालान कर दिया गया है।