फर्रुखाबाद। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी मौसम के पूर्वानुमान में तीन दिन तक भीषण गर्मी व लू (हीटवेव) चलने की आशंका जताते हुए जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
जिला प्रशासन ने अपील की कि अत्यधिक गर्मी व लू को गंभीरता से लेते हुए सावधानी बरतें। बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिला व बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। भीषण गर्मी व लू से डिहाइड्रेशन, खेत या खुले स्थानों पर काम करने वालों को परेशानी, अत्यधिक पसीना आने से शरीर में पानी व लवण की कमी, चक्कर आना, उल्टी, सिर दर्द, थकान व बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इससे दोपहर 12 से तीन बजे तक अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलें। सिर को टोपी, गमछा से ढककर रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी व तरल पदार्थों का सेवन करें। हल्के रंग व ढीले सूती कपड़े पहनें। बच्चे व बुजुर्गों को बंद वाहन में अकेला न छोड़ें। घर व कार्यस्थलों पर वेंटिलेशन व पेयजल की व्यवस्था रखें। पशुओं के लिए भी पर्याप्त पानी व छायादार स्थान की व्यवस्था करें। तेज धूप में खाली पेट बाहर न जाएं। तले-भुने, मसालेदार व बासी भोजन का सेवन न करें। शराब, अत्यधिक चाय, कॉफी व कार्बोनेटेड पेय पदार्थों का सेवन कम करें। धूप में लगातार काम न करें।
लू लगने के लक्षण व प्राथमिक उपचार
लू लगने पर तेज बुखार, चक्कर आना, सिर दर्द, उल्टी या जी मिचलाना, अत्यधिक कमजोरी, बेहोशी या भ्रम की स्थिति महसूस होती है। प्राथमिक उपचार के लिए उसे छाया व ठंडे स्थान पर लिटाएं। सिर व शरीर पर ठंडे पानी की पट्टी रखें। ओआरएस या ठंडा पानी पिलाएं। स्थिति गंभीर होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं। जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर ने सभी एसडीएम, बीडीओ, ईओ व अन्य अधिकारियों को प्रचार-प्रसार कर जनता को जागरूक करने के निर्देश दिए। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 1077, एंबुलेंस सेवा के लिए 108 व कंट्रोल रूम 05692-235077 पर फोन कर सहायता ली जा सकती है।