फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी ने गबन के मामले में बढ़पुर ब्लाॅक क्षेत्र की ग्राम पंचायत याकूतगंज की प्रधान के अधिकार सीज कर दिए। उन्होंने तत्कालीन सचिव व आरईडी के अवर अभियंता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए हैं। ग्राम पंचायत याकूतगंज निवासी अमित कटियार ने 11 जुलाई 2022 को विकास कार्यों में घोटाले की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। इस पर जिलाधिकारी ने डीपीआरओ, बीडीओ बढ़पुर व आईईडी अवर अभियंता की कमेटी गठित कर जांच कराई। कमेटी ने सौंपी जांच रिपोर्ट में एक लाख 57 हजार रुपये के गबन की पुष्टि की।
कहा कि तत्कालीन सचिव ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मी लता गौतम ने प्रधान माधुरी के पुत्र के खाते में 64,665 रुपये व बड़े के पुत्र के खाते में 16,120 रुपये व प्रधान के पति के खाते में 61,147 रुपये ट्रांसफर कर कुल एक लाख 42 हजार 22 रुपये भुगतान किया है।
नाला निर्माण में 15002.44 रुपये गबन के मामले में तत्कालीन सचिव विवेक तिवारी (अब कानपुर में तैनात) व प्रधान माधुरी दोषी हैं। इस पर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने वित्तीय अनियमितता में दोषी प्रधान माधुरी के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए। इसके साथ ही सचिव लक्ष्मी लता गौतम व जेई आरईडी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और कानपुर में तैनात सचिव विवेक तिवारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश दिए हैं। विदित है कि गोबर गैस प्लांट के निर्माण में बिना एमबी के ही करीब 16 लाख रुपये भुगतान करने की जांच अभी लंबित हैं। इसमें भी सचिव के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही है।