फर्रुखाबाद। वीसीबी फुंकने से फतेहगढ़ क्षेत्र का याकूतगंज बिजली उपकेंद्र शुक्रवार को आठ घंटे ठप रहा। इससे क्षेत्र के उपभोक्ता बिजली न मिलने से परेशान रहे। वहीं, बिलिंग का काम भी प्रभावित रहा।
याकूतगंज उपकेंद्र से क्षेत्र के करीब 15 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। गत माह हाईवे के चौकीकरण के लिए मिट्टी खोदाई के दौरान जेसीबी से 33केवी लाइन का केबल कट गया था। तब से आए दिन केबल में फाल्ट से उपकेंद्र घंटों ठप रहता है। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे उपकेंद्र पर तेज धमाके के साथ इनकमिंग वीसीबी फुंक गई। इससे उपकेंद्र ठप हो गया। सुबह बिजली गुल होने से घरों में सबमर्सिबल न चल पाने से लोगों को पानी की दिक्कत हुई।
जानकारी पर अवर अभियंता ने परीक्षण विभाग की टीम बुलाकर मरम्मत का काम शुरू कराया। अवर अभियंता कैलाश चंद्र पाठक ने बताया कि वीसीबी मरम्मत कराने के बाद करीब दो बजे उपकेंद्र चालू किया जा सका। अभी कुछ उपकरण वीसीबी के लिए मंगाए गए हैं। फिलहाल क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।