एप से भेजी गई खबर)
संवाद न्यूज एजेंसी फर्रुखाबाद। ग्रीन जोन में चल रहे फर्रुखाबाद को ऐसी नजर लगी कि दो दिन में दो कोरोना पाजिटिव केस सामने आए। रविवार को आयी नमूनों की जांच रिपोर्ट में अहमदाबाद से पांच दिन पूर्व आया फतेहगढ़ के मोहल्ला भोलेपुर निवासी इंजीनियर कोरोना पाजिटिव मिला। इस पर पुलिस बल के साथ पहुंचे सीओ ने मोहल्ले में माइक से एनाउंस कर तीन ओर से गली सील करा दी। वहीं कोरोना पाजिटिव इंजीनियर को एंबुलेंस से कन्नौज के तिर्वा स्थित मेडिकल कालेज भेज दिया गया। फतेहगढ़ के मोहल्ला भोलेपुर बेवर रोड बगिया निवासी युवक(29) अहमदाबाद की एक कंपनी में टेक्सटाइल टेक्नालॉजी में इंजीनियर है। लॉकडाउन के दौरान कंपनी बंद चल रही है। वह तीन मई को ट्रेन से जौनपुर पहुंचा। वहां से फतेहगढ़ आ रही बस से जेएनवी रोड स्थित मूकवबधिर विद्यालय में उतारा गया। उसके साथ बस में कायमगंज के चार युवक भी आए थे। रात में पांचों युवक क्वारंटीन रहकर पांच मई को घर चले गए। आठ मई को युवक खुद मिशन अस्पताल स्थित क्वारंटीन फैसिलिटी सेंटर पहुंचा और कोरोना जांच का आग्रह किया। वहां तैनात डाक्टर ने कहा कि जब कोई तकलीफ या लक्षण नहीं तो क्यों एक किट बर्बाद करोगे। युवक के ज्यादा कहने पर नमूना लेकर जांच को भेजा गया। रविवार को आयी जांच रिपोर्ट में वह कोरोना पाजिटिव मिला। इससे प्रशासन फिर हरकत में आया। सीएमओ कार्यालय से युवक को फोन कर जांच रिपोर्ट की जानकारी देने के साथ घर में ही रहने को कहा गया। करीब 11.15 पुलिस बल के साथ पहुंचे सीओ सिटी ने माइक से मोहल्ले में एनाउंस कर गली सील करा दी। इसी बीच पहुंची एंबुलेंस से युवक को जनपद कन्नौज के तिर्वा स्थित मेडिकल कालेज ले जाकर भर्ती कराया गया। पांच मई से रविवार सुबह तक युवक घर में ही रहा। घर में उसके पिता, मां, बहन, पत्नी, 6 माह की बच्ची, चाचा-चाची व उनका बेटा व दादी रहती हैं। युवक ने बताया कि वह घर में रहकर सभी से दूरी बनाने का प्रयास करता रहा। 9 मई को वह मोहम्मदबाद क्षेत्र के गांव रूनी चुरसई स्थित अपने साले की दुकान पर भी गया था। दोपहर बाद युवक ने फोन पर बताया कि वह जनपद कन्नौज तिर्वा स्थित मेडिकल कालेज में भर्ती है। उसे पेट दर्द व बुुखार की दवाई दी गई।