रिश्वत प्रकरण की जांच एक्सईएन कायमगंज करेंगे
फर्रुखाबाद। गांव पलिया में बगैर इस्टीमेट जमा हुए नलकूप की लाइन चालू करने के मामले में रिश्वत लेने की जांच एक्सईएन कायमगंज करेंगे। अधीक्षण अभियंता ने जेई को निलंबित कर दिया था।
शमसाबाद के गांव पलिया निवासी एक ग्रामीण की नलकूप की लाइन बगैर इस्टीमेट जमा किए चालू कर दी गई थी। इसके लिए लाइनमैन शकील उर्फ लल्ला के माध्यम से जेई अजय कुमार सिंह ने ठेकेदार से तीस हजार रुपये रिश्वत लेने को लेकर आडियो वायरल हुआ था।
अधीक्षण अभियंता ने मुख्य अभियंता के निर्देश पर जेई अजय कुमार सिंह को निलंबित कर दिया था। अधीक्षण अभियंता राकेश वर्मा ने बताया कि एक्सईएन कायमगंज से जांच कर प्रकरण की रिपोर्ट मांगी है। अगर जरूरत हुई तो दो एक्सईएन की टीम बनाकर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय अन्य कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत चोरी की रिपोर्ट लिखने को बना थाना चालू
फर्रुखाबाद। बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज करने को भोलेपुर स्थित डिवीजन कार्यालय में खुला थाना चालू हो गया है। अपर पुलिस अधीक्षक के आए आदेश में कहा गया कि बिजली चोरी की रिपोर्ट लिखाने को तहरीर के साथ चेकिंग रिपोर्ट, कनेक्शन काटने संबंधी वीडियो की सीडी और फोटोग्राफ थाने में देने होंगे।
उपभोक्ता ने शमन शुल्क व राजस्व निर्धारण जमा कर दिया है तो मुकदमा वापसी को शमन शुल्क व राजस्व निर्धारण जमा की रसीद थाने में देनी होगी। अधीक्षण अभियंता को प्रत्येक सप्ताह अवर अभियंता, एसडीओ, एक्सईएन व थाने के स्टाफ के साथ बैठक करनी होगी। इसमें वह माह की प्रगति संबंधी समीक्षा कर मुख्यालय को उपलब्ध कराएंगे।