फर्रुखाबाद। सृष्टि की रक्षा करने वाली नवरात्र की सातवीं माता कालरात्रि की आराधना की गई। सामाजिक संस्थाओं ने देवी स्वरूप नौ कन्याओं का पूजन कर उपहार भेंट किए।
शहर के भोलेपुर स्थित वैष्णो माता मंदिर में सुबह से शाम तक भक्तों की खासी भीड़ रही। घरों और मंदिरों में कालरात्रि माता के उपासना मंत्र से जाप किया गया। गुरुगांव देवी मंदिर में माता के दर्शन पूजन के बाद बच्चे मेले में लगे झूलों का लुत्फ उठा रहे हैं।
मोहल्ला जटवारा जदीद स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में नौ देवियों की झांकी सजाई गई। शोभा बहन ने बेटियों में सभ्यता और संस्कृति की झलक का अनुभव कराया। कन्याओं का पूजन के बाद उन्हें उपहार भेंट करके विदा किया गया। पूनम बहन ने भी नवरात्र पर आध्यात्मिक प्रकाश डाला।
इसमें बड़ी संख्या में माता के साधक मौजूद रहेे। उधर मोहल्ला अंगूरीबाग में पंडाल में स्थापित की गई मां दुर्गा की प्रतिमा में सुबह शाम आरती में मोहल्ले के लोग भाग ले रहे हैं।