आरपीएफ की पिटाई से घायल युवक को समझाते पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
मजदूरों ने फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन पर स्थित आरपीएफ की चौकी पर पथराव कर हवालात से अपने साथी को छुड़ा लिया । इस दौरान एक सिपाही की वर्दी भी फाड़ डाली। हालांकि इस मामले में कोई लिखा पढ़ी नहीं की गई है।
मोहम्मदाबाद इलाके के ईंट भट्ठे पर जाने पर के लिए बुधवार को बिहार के गया जिले के करीब 60 मजदूर फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। वे आपस में गाली गलौच करने लगे। इसकी जानकारी होने पर आरपीएफ चौकी प्रभारी डीपी वर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने राजन नामक मजदूर को पकड़ लिया और हवालात में बंद कर दिया। यह देखकर महिलाएं और पुरुष मजदूर आक्रोशित हो गए। मजदूरों ने चौकी पर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव होने से भगदड़ मच गई। इस दौरान आरपीएफ के एक सिपाही को मजदूरों ने पकड़ लिया और उससे हाथापाई कर वर्दी फाड़ दी। बवाल को बढ़ता देख आरपीएफ ने राजन को छोड़ दिया। इसके बाद मजदूर आरपीएफ के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मजदूरों का आरोप था कि आरपीएफ की पिटाई से उनका साथी सुनील बेहोश हो गया। दूसरे साथी उसे उठा रहे थे कि आरपीएफ सिपाहियों ने पीट दिया। इससे विक्रम नामक युवक घायल हो गया।