फोटो-03, केडी बाबू सिंह स्टेडियम में मेडल जीतने के बाद खुशी से उत्साहित खिलाड़ी। स्रोत स्वयं
फर्रुखाबाद। लखनऊ में आयोजित 69वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता 2025-26 में खिलाड़ियों ने मेडल जीत कर जिले का नाम रोशन किया।
विजेता खिलाड़ियों को कराटे एसोसिएशन ऑफ फर्रुखाबाद के पदाधिकारियों ने बधाई दी। दीपावली के बाद खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
सात से 10 अक्तूबर तक केडी बाबू सिंह स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें प्रदेश भर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। जिले से भी कराटे खिलाड़ी खेलने गए थे। अंडर-14 कराटे प्रतियोगिता में आदित्य पाल, अनाया ने ब्रॉंज, अंडर-17 में पाखी सक्सेना ने गोल्ड व आस्था कुमारी ने सिल्वर मेडल जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
अंडर-17 में 68 किलोग्राम भार वर्ग में आराध्या कसेरे व दीपाली वर्मा ने गोल्ड मेडल जीते। खिलाड़ियों ने बताया कि परिजनों और गुरुजनों के आशीर्वाद व अपनी कड़ी मेहनत से मेडल जीते हैं। खिलाड़ियों को जिला कराटे एसोसिएशन की संरक्षक मिथलेश अग्रवाल, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, संस्था की चेयरपर्सन व जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव व सचिन यादव ने बधाई दी।
सचिव पारस भारद्वाज ने बताया कि दीपावली के बाद विजेता खिलाड़ियों का तिकोना सब्जी मंडी स्थित कराटे एकेडमी में पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर पुष्कर भारद्वाज, आरती भारद्वाज, अंजुम कुमार दुबे, सुमन राठौर, अवनींद्र कुमार, लाल जी सक्सेना व बविता पाठक आदि मौजूद रहे।