नवाबगंज। घर में अकेली महिला का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। ससुर व पति मजदूरी करने गया था। जेठानी और परिजन पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। फाॅरेंसिक टीम ने नमूने एकत्रित किए।
क्षेत्र के गांव उम्मरपुर निवासी संजय राजपूत और उनके पिता कैलाश राजपूत पड़ोसी गांव पिपराभोजी में शनिवार को मजदूरी करने गए थे। घर में संजय की पत्नी खुशबू (26), उसका पुत्र अभी और बेटी पूनम थे। शाम छह बजे अभी रोता हुआ घर के बाहर पहुंचा। उसने मां के फंदे पर लटके होने की सूचना दी। मोहल्ले वालों ने खुशबू के पति व ससुर को बताया। मऊदरवाजा थाने के गांव शमशेरनगर निवासी भाई मिथुन, मां सरना देवी भी परिजनों संग पहुंचीं।
खुशबू की मां और ससुर कैलाश ने आरोप लगाया कि चार दिन पहले परिवार की जेठ और जेठानी से जानवरों की नाद का पानी उनके कमरे में जाने को लेकर विवाद हुआ था। चार-पांच परिजन ने मिलकर खुशबू के साथ मारपीट की थी। उन्हीं लोगों ने खुशबू को घर में अकेला देख मारपीट कर फंदे पर लटका दिया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई करेंगे।