फर्रुखाबाद। पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारा। मायकेवालों ने हत्या का आरोप लगाया है। ससुरालवाले घर से भाग निकले। फॉरेंसिक टीम ने जांच के नमूने लिए।
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव बिलहा निवासी हरिनंदन मिश्र ने पुत्री नेहा (30) की शादी वर्ष 2023 में मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव चंदुइया निवासी विष्णु त्रिवेदी के साथ की थी। शुक्रवार की सुबह नेहा ने कमरा बंद कर कुंडे से साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी।
काफी देर तक जब नेहा कमरे से नहीं निकली तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन नेहा के कमरे में गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई। खिड़की से झांककर देखा तो नेहा फंदे पर लटक रही थी।
इस वारदात की जानकारी मिलने पर नेहा के पिता हरिनंदन मिश्र आदि मायकेवाले उसकी ससुराल पहुंचे, लेकिन तब तक ससुरालीजन मौके से भाग चुके थे। हरिनंदन मिश्र ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर दरवाजा तोड़कर नेहा का शव फंदे से उतारा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने लिए।
पोस्टमार्टम हाउस में पिता हरिनंदन मिश्र ने पुत्री की हत्या कर शव लटकाने के आरोप लगाए। मृतक के डेड़ साल की पुत्री लड्डू है। अचरा चौकी प्रभारी अक्षय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। अभी तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
युवक ने की जान देने की कोशिश
कायमगंज। कंपिल क्षेत्र के गांव हजरतगंज निवासी जितेंद्र (38) ने अपने घर के कमरे में जान देने के लिए गले में फंदा डाल लिया। यह देख परिजन सहम गए। परिजन तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारकर गंभीर हालत में सीएचसी ले आए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। (संवाद)