फर्रुखाबाद। रोडवेज बस में यात्री का हार चुराने वाली महिला को गिरफ्तार कर पुलिस ने सामान बरामद कर लिया। उसके साथ मिली 10 साल की बेटी को बाल कल्याण समिति ने परिजनों को सौंप दिया है।
मैनपुरी के गांव तेजगंज निवासी योगेंद्र सिंह अपनी पत्नी मेनिका देवी के साथ फतेहगढ़ के भोलेपुर में रहते हैं। मेनिका बड़ी बहन की बेटी की शादी करके 10 दिसंबर को रोडवेज बस से मोहम्मदाबाद से भोलेपुर आ रही थी। बघार नाला के पास पर्स से दो अंगूठी, हार चोरी हो गया। उसने बस रुकवाकर चोरी की सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मंगलवार को पुलिस ने एक महिला को संदिग्ध हालत में हिरासत में लिया। तलाशी में उसके पास से जेवरात बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना नाम छिबरामऊ निवासी पूजा बताया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। उसके साथ मिली 10 साल की बेटी को बाल कल्याण समिति ने परिजनों को सौंप दिया। (संवाद)
-