अमृतपुर। प्रधान पति से परेशान महिला ने ‘मकान बिकाऊ’ का बैनर टांग कर परिवार सहित गांव छोड़ने को मजबूर होने की बात लिखी है। इस संबंध में कार्रवाई के लिए एसपी को पत्र भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव बलीपट्टी रानी गांव निवासी सुमन ने अपने घर के बाहर ‘मकान बिकाऊ’ का बैनर टांग दिया है। इसमें प्रधान पति से परेशान होकर परिवार सहित घर छोड़कर जाने की बात लिखी है। सुमन ने एसपी को प्रार्थना पत्र भेजा है। इसमें कहा है कि चुनाव की रंजिश में प्रधान पति आए दिन उसको परेशान करते है। गांव के दो ग्रामीणों के नाम से झूठा प्रार्थना पत्र डलवा दिया। जानकारी होने पर जिलाधिकारी को झूठा प्रार्थना पत्र होने का हवाला देकर निष्पक्ष जांच के संबंध में एक प्रार्थना पत्र उसने दिया।
प्रधान पति घर में आकर झूठा मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी देते है। पति विद्याराम चार दिन से भय के कारण घर नहीं आ रहे है। प्रधान पति अपने परिवार के लोगों को उसके मकान पर कब्जा कराना चाहते है। इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जाए। एसओ संत प्रकाश पटेल ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।