नवाबगंज। पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में खड़े आम के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटक कर जान दे दी। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया। कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया।
थाना क्षेत्र के बसंतापुर निवासी निवासी सुधा (32) की शादी 11 वर्ष पूर्व धर्मेंद्र राजपूत से हुई थी। उसके दो बच्चे सनी (10) और नैना (7) हैं। बताया गया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे ननद से किसी बात को लेकर कहासुनी होने के बाद सुधा घर से निकल गई। कुछ देर बाद उसका पुत्र सनी उसे तलाशते हुए खेतों की ओर पहुंचा। वहां उसने अपनी मां को आम के पेड़ से फंदे पर लटका देखा। बच्चे के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे उतारकर निजी चिकित्सक के पास ले गए वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
थाना जहानगंज के गांव चौकी महमदपुर निवासी मायके पक्ष के लोग पुत्री की ससुराल पहुंचे और ससुरालीजन पर हत्या का आरोप लगाने लगे। पति धर्मेंद्र राजपूत गुजरात के अहमदाबाद में नौकरी करता है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजन और बच्चों के बयान दर्ज किए। सीओ अजय वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला के गुस्से में फंदा लगाने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।