शमसाबाद। मकान के अंदर महिला फंदे पर लटकी मिली। ससुरालीजन घर से फरार हो गए।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस व फाेरेंसिक टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल कर साक्ष्य एकत्र किए।
थाना क्षेत्र के गांव हसनापुर निवासी सचिन की वर्ष 2020 में कादरीगेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला श्यामनगर निवासी मंजू (27) के साथ शादी हुई थी। मंजू के डेढ़ वर्ष का एक पुत्र है। दो दिन पहले सचिन ने खेत बेचा था। तभी से मंजू व सचिन में विवाद चल रहा था।
शनिवार सुबह मंजू बरामदे में कुंडे पर फंदे से लटकी मिली। यह देखकर सचिन व परिवार के लोग घर से भाग गए। ग्रामीणों की सूचना पर मां कपूरा देवी व भाई अजय कुमार परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे।
अजय की सूचना पर पुलिस व फाेरेंसिक टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल कर शव को फंदे से उतारा। अजय ने ससुरालीजनों पर बहन की हत्या करने का आरोप लगाया।
अजय ने बताया कि जमीन बेचने को लेकर बहन व बहनोई सचिन में दो दिन से विवाद चल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ बलराज भाटी ने बताया कि परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।