सड़क हादसे में महिला की मौत
अमृतपुर। घर से गाय को चारा डालने जा रही एक महिला को दो बाइकों ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। लोहिया अस्पताल लाते वक्त रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। क्षेत्र के गांव चपरा निवासी उपेंद्र कुमार की पत्नी श्रीदेवी (30) शुक्रवार रात साढ़े सात बजे सड़क किनारे गाय को चारा डालने जा रही थीं।
इसी समय एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। जब वह गिर गईं, तो दूसरी बाइक ने भी उन्हें कुचल दिया। घटना के बाद दोनों बाइक सवार भाग गए। चीखपुकार सुनकर पहुंचे परिजन घायल को लोहिया अस्पताल ला रहे थे कि रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
देवर अन्नू उर्फ राममनोहर ने क्षेत्र के ही गांव भावन निवासी सौरभ पुत्र मदनपाल और इसी गांव के दूसरी बाइक सवार सुनील पुत्र अहिवरन पर मुकदमा दर्ज कराया है। श्रीदेवी के चार पुत्रों में अमित, आनंद, अंकित और नरसिंह तथा पुत्री दुर्गा है। बच्चों और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
बाइक से गिरकर महिला की मौत
कायमगंज। कासगंज जनपद के थाना पटियाली क्षेत्र के गांव सिरौठी निवासी घूरपाल की पत्नी निर्जला (40) बदायूं जनपद के उसावां थाना क्षेत्र के गांव लीलमा में अपने मायके थीं। शनिवार को पति की बाइक से ससुराल जा रहीं थीं। उनके साथ चार बच्चे भी थे। कंपिल क्षेत्र के गांव इकलहरा के पास उछलकर निर्जला बाइक से गिर गईं। उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।