फर्रुखाबाद। घर से बहनोई के साथ बाइक से बैंक में रुपये निकालने जा रही महिला अचानक गिर गई। सिर में गंभीर चोट के कारण लोहिया अस्पताल में उसकी मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव लेकर चले गए।
राजेपुर थाने के गांव कमालुद्दीनपुर निवासी मुन्नी देवी (32) बृहस्पतिवार दोपहर बहनोई भरत के साथ बाइक से भरखा बैंक में रुपये निकालने जा रही थीं। गांव में ही अचानक बाइक से गिर गईं। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। भरत और देवर अखिलेश सोमवंशी निजी वाहन से लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। भर्ती करने के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टर ने रेफर कर दिया। देवर अखिलेश ने यहीं इलाज कराने की बात लिखकर दे दी।
महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। करीब आधा घंटे बाद उसकी मौत हो गई। इस पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर बहन ममता भी पहुंच गई। मुन्नी देवी के दो बच्चे विवेक और अनुराग हैं। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव घर लेकर चले गए।