फर्रुखाबाद। प्रेम विवाह के एक वर्ष बाद महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया। पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने से विसरा सुरक्षित किया गया है। महिला के शरीर पर चोटों के पांच निशान मिले हैं।
कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव फतेहउल्लापुर भमौआ निवासी अजीत की पत्नी भावना (23) की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक माह पूर्व उसका प्रसव हुआ था। मायके वालों ने पति व ससुरालीजनों पर भावना की हत्या का आरोप लगाया। रविवार को तीन डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हाथ, पैर व कंधे पर पांच चोटों के निशान मिलने का जिक्र किया गया है।
पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मौजूद मोहम्मदाबाद कस्बा के मोहल्ला तकीपुर निवासी भावना की मां हेमा व बहन मंजू ने बताया कि अजीत व भावना ने परिवार की बिना सहमति के एक वर्ष पूर्व ही प्रेम विवाह किया था। अजीत के रिश्ते में मामा लगने से यह रिश्ता किसी को मंजूर नहीं था। उसने शादी के बाद से भावना को मायके नहीं भेजा।
शनिवार शाम 4:30 बजे अजीत ने फोन कर भावना की मौत की सूचना दी। इसके दो घंटे बाद वे लोग पहुंचे तो भावना का शव पड़ा था। उसके शरीर पर मारपीट के कई निशान थे। भाई सचिन ने बताया कि पिता शिवकुमार ने अजीत व उसके परिजन के खिलाफ बहन की हत्या की तहरीर कमालगंज थाने में दी है। पुलिस ने अजीत को हिरासत में लिया है।
कमालगंज थानाध्यक्ष रामसहाय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद होने पर पति अजीत को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।