सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : अमर उजाला
कायमगंज। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में नौ लोग जख्मी हो गए। कोतवाली क्षेत्र के गांव बरझाला के पास बैग में आग लगी देख बाइक से कूदी महिला घायल हो गई। उधर, गांव ललई में प्राइवेट बस की टक्कर से गिरे पोल की चपेट में आकर ग्रामीण घायल हो गया। उधर, बाईपास रोड पर बाइक फिसलने से दो लोग घायल हो गए। उधर, गांव बरई मोड़ के पास डीसीएम की चपेट में आकर दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए। उधर, कायमगंज से फर्रुखाबाद जा रहे एक युवक की रास्ते में बाइक बेकाबू होकर फिसल गई, जिससे वह घायल हो गए। उधर, कोतवाली फतेहगढ़ के गांव सरह से अतरिया जा रही बोलेरो पलट गई। जिसमें सवार दो लगो घायल हो गए। कुछ घायलों को सीएचसी तो कुछ घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा गया।बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
थाना क्षेत्र राजा का रामपुर के गांव मुनीश चौहान पत्नी सरोजनी चौहान को बाइक पर बैठाकर फर्रुखाबाद जा रहे थे। महिला लेदर का बैग लेकर बैठी थी। बाइक का सैलेंसर गर्म होने के कारण तनियों में आग लग गई और आग बैग तक जा पहुंची। बरझाला के पास जब महिला ने बैग में आग लगी देखी तो वह घबराकर बाइक से कूद गई, जिससे वह घायल हो गई। मुनीश ने पत्नी को सीएचसी में भर्ती कराया। उधर, गांव ललई निवासी संजीव शौच करके घर लौट रहे थे, तभी गांव के प्राइमरी स्कूल के पास प्राइवेट बस की टक्कर से गिरे पोल की चपेट में आकर संजीव घायल हो गए। बस चालक वाहन लेकर भाग गया।
परिजनों ने घायल संजीव को सीेचसी में भर्ती कराया। थाना जशरथपुर के गांव किंदर नगला निवासी राजेश कुमार व मुन्नालाल बाइक से कायमगंज जा रहे थे। बाईपास रोड पर अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिसमें दोनों घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। राजेश हेलमेट नहीं लगाए थे। उधर, शमसाबाद के थाना नवाबगंज के गांव सादिकपुर निवासी सुधीर अपने भाई संतोष, इनकी पत्नी सरला देवी के साथ बाइक से रिश्तेदारी में शमसाबाद के गांव चिलसरा जा रहे थे। सुधीर हेलमेट नहीं पहने थे।
जब यह लोग गांव बरई मोड़ के पास से गुजर रहे थे। उसी समय सामने से आ रही डीसीएम की चपेट में आकर दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल भेज दिया गया। स्थानीय लोगों ने डीसीएम चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। उधर, जिला मैनपुरी थाना बेवर के गांव करपिया निवासी किशोर कुमार कायमगंज से फर्रुखाबाद जा रहे थे। रास्ते में बाइक बेकाबू होकर फिसल गई, जिससे वह घायल हो गए। घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ समय बाद परिजन उन्हें प्राइवेट अस्पताल ले गए। किशोर कुमार हेलमेट नहीं लगाए थे। कोतवाली फतेहगढ़ के गांव सरह निवासी त्रिपुरारी बोलेरो से गांव अतरिया जा रहे। इस बीच गांव के पास बोलेरो पलट गई। इस हादसे में त्रिपुरारी घायल हो गया। घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन उन्हें भी प्राइवेट अस्पताल ले गए।