फर्रुखाबाद। तहसील सदर के संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को एसडीएम रजनीकांत पांडेय और अन्य अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान बिजली कर्मचारियों द्वारा बिना आदेश के आठ पोल की पुरानी लाइन उतारकर बिना एस्टीमेट के नगला खुरू में नई लाइन बनाने की शिकायत की गई।
कंझाना गांव के सर्वेश बाबू ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से यह कार्य हो रहा है। उन्होंने सक्षम अधिकारी से लाइन उतारने या बनाने की अनुमति न होने की बात कही। एक जनवरी को शिकायत करने पर बिना जांच के मामला निस्तारित कर दिया गया था। लाइनमैन ने फोन पर अभद्रता करते हुए कहा कि वह वही करेगा जो उसे पसंद है।
मोहम्मदाबाद के गुरऊशादी नगर निवासी कुलफ सिंह ने 2.1690 हेक्टेयर बंजर भूमि पर 26 लोगों द्वारा कब्जा कर निर्माण कराने की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। मोहल्ला नवाब न्यामत खां पश्चिम के विजय कुमार शर्मा ने अपने क्षेत्र में तीन स्ट्रीट लाइटें लगवाने का अनुरोध किया।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित 34, पुलिस विभाग से 11, बिजली और विकास विभाग से तीन-तीन तथा अन्य विभागों से सात शिकायतें शामिल थीं। मौके पर केवल दो शिकायतों का ही निस्तारण हो सका।