फर्रुखाबाद। बिना मरजी के शादी से नाराज नवविवाहिता ने खुद को आग लगा ली। जानकारी पर ससुरालियों ने आनन फानन में नवविवाहिता को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर परिजन उसे नर्सिंग होम में ले गए।
जिला कन्नौज थाना तालग्राम के गांव दुर्गा नगला निवासी नन्हें कश्यप ने बेटी शिवानी की शादी एक महीना पहले कोतवाली मोहम्मदाबाद के गांव कटिन्ना मानिकपुर निवासी ब्रजेश के साथ की थी।
रविवार को ब्रजेश पत्नी को विदा करा कर घर लाए थे। सोमवार की सुबह शिवानी ने अपने ऊपर केरोसिन डाल कर आग लगा ली। आग लगते ही शिवानी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोरशराबा होने परिवार के लोगों ने कपड़ों में लगी आग को बुझाया। इन्हाेंने आननफानन में शिवानी को लोहिया अस्पताल मेें भर्ती कराया।
शिवानी ने आपातकालीन कक्ष में पीने के लिए पानी न मिलने पर हंगामा किया। यहां से परिवार के लोग उसे दूसरे अस्पताल ले गए। शिवानी ने बताया कि घर वालों ने उसकी बगैर मर्जी के शादी की थी। वह अभी शादी करने से मना कर रही थी। इसके बाद भी परिवार वालों ने जबरन शादी कर दी। इसी से उसने जान देने के लिए आग लगा ली।