अमर उजाला फाउंडेशन की अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा के जरिए चुने
गए मेधावियों को छात्रवृत्ति राशि की चेक रविवार को दी गई। अमर उजाला
कार्यालय में हुए आयोजन में छात्रवृत्ति की चेक पाकर मेधावियों के चेहरे
खिल गए। मेधावियों का कहना था कि छात्रवृत्ति मिलने से उनके हौसलों को पंख
लगे हैं।
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति के लिए अमर उजाला फाउंडेशन ने 2
नवंबर 14 को शहर में लिखित परीक्षा कराई थी। इसमें 694 छात्र-छात्राओं ने
भागीदारी की थी। यह परीक्षा हाईस्कूल, इंटरमीडिएट व स्नातक वर्ग में हुई
थी। मेरिट के बाद सरस्वती विद्या मंदिर जयनरायन वर्मा रोड में कक्षा 10 के
छात्र सिद्धांत पाल व इसी स्कूल में कक्षा 11 के अंशुल पाठक चयनित हुए थे।
रविवार
को अमर उजाला कार्यालय में हुए आयोजन में सिद्धांत पाल को छात्रवृत्ति के
6500 रुपये की चेक दी गई। बेटे की इस सफलता में पिता अनूप कुमार पाल व मां
गीता पाल भी गवाह रहीं। भोलेपुर निवासी सिद्धांत ने बताया कि वह
इंजीनियरिंग को अपना कैरियर बनाना चाहते हैं। इस लक्ष्य को पाने के लिए वह
निरंतर लगे रहते हैं। यह अपने माता पिता को आदर्श मानते हैं। इन्होंने कहा
कि छात्रवृत्ति से हौसला बढ़ा है।
शहर के फतेहगढ़ रोड निवासी अंशुल
पाठक को भी छात्रवृत्ति के 7500 रुपये की चेक दी गई। यहां अंशुल के पिता
प्रबल पाठक व मां विनीता पाठक मौजूद रहीं। अंशुल का कहना है कि वह इंजीनियर
बनना चाहते हैं। अंशुल ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की यह पहल सराहनीय
है। छात्रवृत्ति आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेगी। अंशुल ने बताया कि
परिजनों व गुरुजनों के आशीर्वाद से वह अपना लक्ष्य जरूर हासिल करेंगे।