कायमगंज। एक पिता ने पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अपने दामाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दामाद पर पत्नी की अश्लील फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने और धमकी देने का आरोप है। बेटी की शादी 24 जून 2020 को कासगंज के पटियाली थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। कुछ माह बाद ससुराल में उसे प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया गया। पिता बेटी को घर ले आए और कासगंज न्यायालय में उत्पीड़न का परिवाद दर्ज कराया, जो चल रहा है। इसके बावजूद युवक फोन पर धमकी देता रहा, इंस्टाग्राम पर अश्लील सामग्री वायरल करता रहा। इससे बेटी शर्मिंदा और परेशान है, उसने कई बार आत्महत्या का प्रयास भी किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (संवाद)