शमशाबाद। थाना क्षेत्र की गंगा कटरी स्थित गांव समैचीपुर चितार में सरकारी भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल को दबंगों ने रात में काट लिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच के बाद फसल को कब्जे में ले लिया है। क्षेत्रीय लेखपाल पंकज चौहान ने थाना पुलिस को तहरीर देकर चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
लेखपाल ने दी तहरीर में बताया कि गाटा संख्या 33, रकबा 4.54 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर सुरजीत कुमार, मनोज कुमार, मुकेश कुमार (पुत्र नरसिंह) तथा वेदपाल (पुत्र बाबूराम), निवासी गुटेटी दक्षिण ने गेहूं की फसल तैयार की थी।
उन्होंने बताया कि पूर्व में जांच के दौरान आरोपियों को दोषी पाए जाने पर जुर्माना लगाया गया था। जुर्माना जमा किए बिना फसल न काटने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद आरोपियों ने नियमों की अनदेखी करते हुए रात के अंधेरे में फसल काट ली। थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।