फर्रुखाबाद। शहर में करीब एक घंटे हुई मूसलाधार बारिश से फर्रुखाबाद-कानपुर रेल लाइन पर करीब 500 मीटर दूरी तक जलभराव हो गया। इससे ट्रेनों की रफ्तार थम गई। रेलवे के अफसरों ने जांच पड़ताल कर शाम 3:40 बजे कॉशन लगा दिया। अब 20 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से ट्रेनें निकाली जाएंगी।
रविवार सुबह और दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच नेकपुर कलां स्थित तालाब ओवरफ्लो होकर रेल लाइन पर करीब एक-एक फीट जलभराव हो गया। 500 मीटर दूरी तक पटरी पूरी तरह से पानी से डूब गई है। जलभराव होने की सूचना पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ (पीडब्ल्यूआई) जहीर खान पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पटरी को धंसने की आशंका को देखते हुए रेलवे इज्जतनगर मंडल से कॉशन लगाने का आग्रह किया।
शाम को फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेनों की गति 20 किमी प्रतिघंटा कर दी गई। पीडब्ल्यूआई जहीर खान ने बताया कि कॉशन लगा दिया गया है। पटरी पर जलभराव काफी है। पानी को निकालने के लिए पंपिंग सेट लगा दिया गया है। जब तक जलभराव रहेगा, तब तक ट्रेनों को कॉशन पर ही निकाला जाएगा।
-
बढ़पुर अंडरपास में आवागमन बंद
बढ़पुर से सातनपुर जाने वाले मार्ग पर बने अंडरपास में जलभराव हो गया। इससे छोटे बड़े वाहनों का आवागमन बंद हो गया। हालांकि रेल प्रशासन ने पानी निकलवाने की तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल यहां से निकलने वाले लोगों को करीब तीन किमी चक्कर काटकर जाना पड़ रहा है।