फर्रुखाबाद। निजी मोबाइल कंपनी की 5जी केबल डालते वक्त पानी की पाइपलाइन फट गई। इससे शनिवार सुबह सात मोहल्लों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। सूचना पर पहुंचे पालिका कर्मियों ने मोबाइल कंपनी की मशीन कब्जे में लेकर खड़ा करवा लिया। पाइपलाइन की मरम्मत करने तक मशीन न देने की बात कही। मोबाइल कंपनी के कर्मियों ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। हालांकि पालिका टंकी की मरम्मत के चलते पेय जलापूर्ति पहले ही बंद रखने की घोषणा कर चुकी है।
शहर में 5जी मोबाइल सेवा शुरू करने के लिए एक मोबाइल कंपनी तेजी से काम कर रही है। शुक्रवार रात लाल सराय में भूमिगत केबल डालने के लिए मशीन ड्रिलिंग का काम कर रही थी। शनिवार सुबह करीब तीन बजे भूमिगत ड्रिल मशीन से लालसराय पानी की टंकी के सामने भूमिगत पाइपलाइन फट गई। इसकी जानकारी मिलने पर जोन प्रभारी ब्रजभूषण सिंह अन्य पालिका कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोबाइल कंपनी की ड्रिल मशीन को कब्जे में लेकर खड़़ा करवा दिया। कंपनी के जिम्मेदारों से पाइपलाइन मरम्मत की बात कही। सुबह 10 बजे कंपनी के लोगों ने पाइपलाइन की मरम्मत शुरू करवा दी।
हालांकि पाइपलाइन फटने से सुबह के वक्त तलैया फजल इमाम, मदारबाड़ी, बूरा वाली गली, हाता मंगलखां, नया कोठा पार्चा, खतराना आदि मोहल्लों में जलापूर्ति न होने से लोग परेशान रहे। जोन प्रभारी ने बताया कि जब तक मरम्मत नहीं होती, मशीन को नहीं दिया जाएगा। यदि सात दिन तक मरम्मत नहीं कराएंगे, तो मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पानी की टंकी की मरम्मत के चलते पालिका के ईओ रविंद्र कुमार ने लाल सराय स्थित टंकी की मरम्मत का काम शुरू कराने के आदेश दिए थे। इसके तहत 12 से 26 अगस्त तक टंकी से होने वाली पेयजलापूर्ति बंद रहेगी। हालांकि नलकूपों से सीधे जनता को पानी दिया जाएगा। कहा कि यदि किसी भी मोहल्ले में नलकूप से सीधी पानी की आपूर्ति न मिले, तो टैंकर मंगवाने के लिए जेई अथवा जोन प्रभारी से संपर्क कर सकता है।