फर्रुखाबाद। पालिका ने राजस्व बढ़ाने की मंशा से पानी के कनेक्शनों की जांच शुरू कर दी है। एक मोहल्ले में मात्र 40 घरों की जांच की गई तो 25 कनेक्शन अवैध पाए गए। जलकल विभाग ने कनेक्शन धारकों को नो टिस दिए हैं। हालांकि तीन जोन प्रभारियों ने चेकिंग अभियान शुरू नहीं किया है।
पालिका ने जलापूर्ति की व्यवस्था सुचारु रखने की मंशा से नगर को टाउन हाल, लाल सराय, आवास विकास, फतेहगढ़, सातनपुर जोन में बांटा है। इनकी जिम्मेदारी चार लोगों को दी गई है। ईओ ने जलकल विभाग का राजस्व बढ़ाने की मंशा से कनेक्शनों की चेकिंग के निर्देश दिए थे।
आठ दिन बाद भी मात्र टाउन हॉल जोन ने शुक्रवार को रेलवे रोड पर गढ़ी न्यामत खां के करीब 40 घरों में पानी के कनेक्शनों की जांच की। इनमें से 25 लोगों के यहां पानी के अवैध कनेक्शन पाए गए। अन्य किसी भी जोन प्रभारी ने अभी तक कनेक्शनों की जांच करने की जरूरत नहीं समझी।
जलकल विभाग के जेई गौरव मिश्रा ने अवैध कनेक्शन धारकों को सोमवार को नोटिस भेजे हैं। जिसमें कहा गया कि वह कनेक्शनों का शीघ्र शुल्क भुगतान कर नियमित करवा लें। अन्यथा कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।