फर्रुखाबाद। इंग्लैंड की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में की छात्रसंघ में जहानगंज के वारीश प्रताप अध्यक्ष बने हैं। यहां उनके परिजनों में खुशी की लहर है। गांव में बैंड-बाजे के साथ जमकर गुलाल उड़ाया गया।
कमालगंज ब्लॉक के कस्बा जहानगंज निवासी शिव कुमार चतुर्वेदी के पुत्र वारीश प्रताप ने अक्तूबर में ही कैंब्रिज विश्वविद्यालय में एनर्जी स्टडीस में एमफिल में दाखिला लिया था। वहां अध्ययन के साथ वे छात्र गतिविधियों में भी काफी सक्रिय रहे। लूसी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उन्हें छात्र संघ में कोषाध्यक्ष बनाया था। 13 फरवरी को कैंब्रिज छात्र संघ की लोकतांत्रिक समिति ने छात्र संघ अध्यक्ष सहित सात पदों पर नामांकन मांगे।
वारीश प्रताप ने छात्र संघ अध्यक्ष पद पर दावेदारी ठोंकी। पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में जुटे रहने वाले वारीश का समर्पण प्रचार में भी दिखा। उन्होंने मतदाताओं से सामूहिक रूप से व सोशल मीडिया पर संपर्क किया। 27 फरवरी को सुबह नौ बजे शुरू हुआ ऑनलाइन मतदान 2 मार्च शाम पांच बजे तक चला। परिणाम घोषित हुआ वारीश प्रताप चुनावी बाजी मार ले गए।
वे कैंब्रिज विश्वविद्यालय में कैंब्रिज छात्र संघ अध्यक्ष के रूप में चुन लिए गए। जीत की खबर आने पर रविवार को जहानगंज में युवकों ने ढोल-नगाड़े पर खुशी में जमकर नृत्य किया। आतिशबाजी भी चलाई गई। वारीश की मां मंजू चतुर्वेदी ने बताया कि बेटे की उपलब्धि पर वह बहुत खुश हैं। प्रधान स्वीकृति कटियार का कहना कि वारीश प्रताप गांव के बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत व मार्गदर्शक भी हैं।