पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक विजय यादव ने शनिवार को अपराध समीक्षा
बैठक की। अपराधों पर अंकुश न लगने और वांछितों की गिरफ्तारी न होने पर
उन्होंने नवाबगंज एसओ की क्लास लगाई। यहां लखनऊ से आए सीसीटीएनएस की
एनआईआईटी के सदस्यों ने पुलिस कर्मियों को डाटा फीडिंग की जानकारियां दीं।
इसके बाद सभी एसओ ने फायरिंग बट पर निशाना लगाया। इसमें शहर कोतवाल
फिसड्डी रहे।
शनिवार को अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने वांछितों की
गिरफ्तारी में लापरवाही पर नवाबगंज एसओ को फटकार लगा दी। नवाबगंज में
अपराधों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जघन्य अपराधों के आरोपियों की
गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। एसपी ने निर्देश दिए कि सभी थानेदार अपने
इलाकों को ब्लॅाक कर वाहनों की चेकिंग कराएं। कहा कि विवेचाओं का जल्द से
जल्द निस्तारण करें। इसके साथ ही अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाएं।
लूट की घटनाओं का जल्द से जल्द खुलासा करें। बैठक में सीसीटीएनएस की
एनआईआईटी के सदस्य शिवम ने पुलिस साफ्टवेयर के बारे में जानकारियां दी।
उन्होंने इसके उपयोग के बारे में भी बताया। कहा कि थानेदार से लेकर सिपाही
तक अपनी ड्यूटी का विवरण साफ्टवेयर पर फीड करेंगे।
एनसीआर भी जल्द ही
साफ्टवेयर में दर्ज की जाएगी। साफ्टवेयर से माल के निस्तारण व धाराओं की
जानकारी भी मिलेगी। कोई भी एसओ अपने माल के निस्तारण की जानकारी कर लेगा।
वर्कशाप के बाद सभी थानेदार फायरिंग बट पर पहुंचे। यहां पर सभी से
फायरिंग कराई गई। इसमें शहर कोतवाल आरपी यादव फिसड्डी रहे।