फर्रुखाबाद। कर्मचारियों की हड़ताल से बुधवार को मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हड़ताल के कारण डाक्टर कक्षों में नहीं बैठे। इससे मरीज मायूस होकर बैरंग लौट गए।
राज्य कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। इससे लोहिया अस्पताल में इलाज के लिए आने वालों को परेशानी हुई। पर्चा काउंटर भी बंद रहा। अस्पताल में बुधवार को जहानगंज के इकदरिया निवासी नितिन कुमार परिवार के लोगों के साथ लोहिया रेबीज का इंजेक्शन लगवाने आए थे। अस्पताल में कर्मचारी और अधिकारी मौजूद नहीं थे। इससे यह लौट गए। मऊदरवाजा थाना इलाके के गांव रायपुर निवासी अनुज कुमार को परिजन बुखार आने पर लाए थे। कादरीगेट निवासी ब्रजेश मिश्रा के हाथ में दर्द था। यह भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। इन्हें भी बैरंग होना पड़ा। अस्पताल आने वाले मरीज पूरे दिन भटकते रहे।
कायमगंजः राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर स्वास्थ्यकर्मियों की दूसरे दिन भी हड़ताल रही। इन्होंने स्वास्थ्य सेवाएं ठप करा दीं। इससे इलाज के लिए आए मरीज भटकते रहे।
वेतन वृद्धि व अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों की बुधवार को भी हड़ताल रही। स्वास्थ्यकर्मियों के काम न करने से सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित रहीं। मरीज इलाज के लिए इधर उधर भटकते रहे। घसिया चिलौली निवासी शिवा को कुत्ते ने काट लिया था। यह इंजेक्शन लगवाने के लिए अस्पताल के चक्कर काटते रहे। बझेरा निवासी रेशमा पत्नी पन्नालाल पेट दर्द से कराहती रहीं। इनका इलाज नहंी किया गया। मेहंदीबाग के अमन और अताईपुर की भावना पुत्री श्यामाचरन को बंदर ने काट लिया। इन्हे भी इंजेक्शन नहीं लग पाया। वहीं पंछीनगला के प्रमोद की पत्नी अंजली टीका लगवाने आई थीं। इन्हें भी मायूस लौटना पड़ा।