फर्रुखाबाद। शहर में किराना, मेडिकल स्टोर के अलावा सभी प्रतिष्ठान बंद रहने से व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने सभी प्रतिष्ठानों को कुछ घंटों के लिए खोलने की अनुमति देने के लिए डीएम से मांग की है।
उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण प्रकाश तिवारी उर्फ ददुआ ने जिलाधिकारी को पत्र भेजा। कहा कि किसानों को तमाम तरह की सहूलियतें मिल रही हैं। बाजार में किराना, मिष्ठान, दूध, मेडिकल स्टोर, शराब आदि दुकानें खुल रही हैं। जबकि अन्य तमाम ट्रेडों की बंद दुकानों के बावजूद बिजली बिल, कर्मचारियों का मासिक वेतन आदि खर्चे करने पड़ रहे हैं।
मांग की कि जिस तरह किराना को सुबह 8 से 10 बजे तक खोलने की अनुमति है, उसी तरह सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी व्यापारियों को 4 घंटे दुकानें खोलने की अनुमति दी जाए। मांग करने वालों में जिलाध्यक्ष संजीव मिश्रा उर्फ बॉबी, नगर अध्यक्ष हाजी मोहम्मद इख़लाक़ खान, राकेश कुमार सक्सेना, सरदार जगदीप सिंह आदि थे।